चम्बा, मंजूर -चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बीते लगभग एक सप्ताह से बस सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चंबा–तीसा मुख्य मार्ग पर सरेला के पास भारी बारिश के बाद सड़क पर अत्यधिक कीचड़ जमा हो गया है। लगातार धंस रही सड़क के कारण इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
जानकारी के अनुसार कीचड़ और सड़क धंसने की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार भारी वाहन फंस चुके हैं। इसी कारण चंबा–तीसा मार्ग पर चलने वाली बसें चुराह उपमंडल मुख्यालय तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इससे रोजमर्रा की आवाजाही करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को पैदल या वैकल्पिक साधनों से सफर करना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग यात्रा ही नहीं कर पा रहे हैं।बस चालकों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हालात जस के तस बने हुए हैं। सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और जब तक इसे दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक बसों का आगे जाना जोखिम भरा है। चालकों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस मार्ग की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए, ताकि बस सेवाएं बहाल हो सकें।
बस चालकों ने यह भी मांग उठाई है कि जब तक चंबा–तीसा मुख्य मार्ग को ठीक नहीं किया जाता, तब तक बसों को वैकल्पिक मार्ग कॉलोनी वाया खकड़ी से चलाने की अनुमति दी जाए। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और वे समय पर चुराह उपमंडल मुख्यालय तक पहुंच सकेंगे।स्थानीय लोगों का कहना है कि चुराह क्षेत्र पहले ही भौगोलिक रूप से दुर्गम है और सड़क संपर्क बाधित होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाता है और क्षेत्र को राहत मिलती है।