नई दिल्ली। सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज़ी दिखा रहे सर्राफा बाजार में मंगलवार सुबह नरमी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, जिससे निवेशकों के साथ-साथ जेवर खरीदने वालों को भी कुछ राहत मिली है।
चांदी में बड़ी गिरावट, 1.52% तक फिसली कीमत
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे MCX पर फरवरी डिलीवरी वाली चांदी के दाम में तेज गिरावट दर्ज की गई। चांदी करीब 4,120 रुपये सस्ती होकर 2,66,250 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार करती नजर आई। इसमें करीब 1.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सोना भी सस्ता, अप्रैल डिलीवरी में गिरावट
सोने की कीमतों में भी हल्की गिरावट दर्ज हुई। MCX पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 666 रुपये टूटकर 1,57,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि गिरावट ज्यादा नहीं है, लेकिन हाल के दिनों की तेज बढ़त के बाद इसे बाजार की राहत भरी चाल माना जा रहा है।
सोमवार को रिकॉर्ड तेजी, आज बाजार में ठंडक
जानकारों के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली के बाजार में चांदी ने जबरदस्त छलांग लगाई थी। चांदी 17,000 रुपये की बढ़त के साथ 2,72,000 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। वहीं सोना भी मजबूती के साथ 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सुबह के कारोबार में उतार-चढ़ाव जारी
मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान चांदी में भारी उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। यह नीचे में 2,65,126 रुपये तक गई, जबकि ऊपर में 2,68,498 रुपये का स्तर भी छू चुकी है। वहीं सोना भी 1.56 लाख से 1.58 लाख रुपये के बीच झूलता नजर आया।
विशेषज्ञों का मानना है कि सोमवार की तेज उछाल के बाद बाजार फिलहाल स्थिर होने की कोशिश कर रहा है, इसी वजह से कीमतों में यह गिरावट सामने आई है।