जालंधर। बुधवार रात पंजाबी गायिका ज्योति नूरां के मकसूदां स्थित नए घर के बाहर कथित फायरिंग की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जालंधर पुलिस ने जांच के बाद इस खबर को पूरी तरह निराधार और अफवाह करार दिया है।
जालंधर की एडीसीपी आकांक्षा जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की गई। जांच के दौरान फायरिंग से जुड़ा कोई भी सबूत नहीं मिला। न तो घटनास्थल से कोई खोखा बरामद हुआ और न ही किसी तरह के नुकसान के निशान पाए गए।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी एक फोन कॉल के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की पड़ताल की गई। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है।
एडीसीपी आकांक्षा जैन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट खबरें साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।