चंबा। चंबा-सलूणी मार्ग पर पुलिस की एसयूआई टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 217 ग्राम चरस के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सदर थाना में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने कोटी पुल के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान दो व्यक्ति पैदल कोटी की ओर बढ़ते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे घबरा गए। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके बैग से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हेमराज और राम सिंह, निवासी गांव खजरी डाकघर चरोड़ी, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में कराई। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई नशे की रोकथाम और क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए की गई थी।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना चंबा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाया जाएगा।