उचाना । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने सहज और जनता से जुड़े अंदाज के लिए लगातार चर्चा में बने रहते हैं। वे अक्सर सड़क पर किसी को खड़ा देखकर बिना देर किए काफिला रुकवाकर लोगों से बातचीत करते नजर आते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प दृश्य उचाना में देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उचाना में आयोजित विकास रैली से लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे हेलीकॉप्टर में बैठ चुके थे, तभी एक युवक ने आवाज लगाई, “ताऊ, मुझे भी हेलीकॉप्टर में बैठा ले।” युवक की यह बात सुनते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत कमांडो को इशारा किया और युवक को पास बुलवाया।
इसके बाद युवक बैरिकेड्स पार कर हेलीकॉप्टर तक पहुंचा। मुख्यमंत्री ने उसे करीब दो मिनट तक अपने साथ हेलीकॉप्टर में बैठाया। हेलीकॉप्टर में बैठने का मौका मिलने पर युवक बेहद खुश नजर आया और उसका चेहरा खुशी से खिल उठा। युवक सोनू ने बताया कि उसका सपना पूरा हो गया है और वह इस पल को कभी नहीं भूल पाएगा। उसने कहा कि “बाबे की दया से आज मेरी इच्छा पूरी हो गई।”
वहीं इसी दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को मांग पत्र लिए खड़ा देखा तो काफिला रुकवा दिया। बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से जुड़ा मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने उसे ध्यानपूर्वक लेते हुए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विकास रैली को संबोधित करने के बाद काफिले के साथ रेस्ट हाउस जा रहे थे, तभी यह बुजुर्ग सड़क किनारे मांग पत्र लेकर खड़ा मिला। मुख्यमंत्री ने तुरंत काफिला रोकने के निर्देश दिए और बुजुर्ग की बात सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह सरल और संवेदनशील व्यवहार लोगों के बीच लगातार लोकप्रियता बढ़ा रहा है। जनता से सीधे जुड़ने के इसी अंदाज के कारण वे प्रदेशवासियों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं।