मंडी, धर्मवीर -: छोटी काशी मंडी के अधिष्ठाता बाबा भूतनाथ की शिवरात्रि महोत्सव के दौरान दूसरी शाही जलेब शुक्रवार को निकाली गई। खलियार में ब्यास नदी के तट से इस भव्य जलेब का शुभारंभ बाजे-गाजे और ढोल नगाड़ों के साथ हुआ। स्थानीय देवी-देवताओं के साथ स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में इस जलेब में शिरकत की।
ब्यास नदी के तट से शुरू हुई यह जलेब विक्टोरिया पुल, समखेतर, मोती बाजार, चौहटा बाजार, गांधी चौक, सेरी मंच और फिर इंदिरा मार्किट परिसर का चक्कर काटती हुई दोबारा ब्यास नदी के तट पर आकर ही संपन्न हुई। बता दें कि शिवरात्रि महोत्सव के दौरान बाबा भूतनाथ की इस शाही जलेब की परंपरा अभी हालही में शुरू की गई है। पहली जलेब शिवरात्रि वाले दिन निकाली गई थी जबकि दूसरी और अंतिम जलेब शुक्रवार को निकाली गई। बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि जलेब के दौरान सैंकड़ों भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर बाबा भूतनाथ का आशीवार्द प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन में कई संत महात्माओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने सभी को शिवरात्रि पर्व की बधाई देते हुए बाबा भोलेनाथ की कृपा की कामना की भी की।