कैथल | जाखोली अड्डा इलाके में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को कैथल पुलिस ने सफलता से सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 1 नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, जाखोली अड्डा स्थित ठेके पर रिकवरी लेने आए कुछ युवकों पर अचानक बंदूक से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक युवक को हाथ में गोली लगी थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिससे संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली।
कैथल एसपी उपासना ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस घटना को बदला लेने के मकसद से अंजाम दिया गया था। घायल युवक ने अपने बयान में बताया था कि 2014 में नाबालिग आरोपी के साथ मिलकर उसके दोस्तों ने संदीप मटौर के भाई मनदीप की हत्या की थी। उस समय नाबालिग होने के कारण उसे बरी कर दिया गया था।
एसपी ने बताया कि पुराने विवाद का बदला लेने के लिए संदीप मटौर और उसके साथी घायल अमित उर्फ ‘बच्ची’ का पीछा कर रहे थे। बीती रात जब अमित अपने दोस्त के साथ ठेके पर आया, तो संदीप और उसके साथियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग शामिल है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
एसपी उपासना ने कहा, “हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे।”
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और बाकी साक्ष्यों के माध्यम से आरोपी जल्द ही कोर्ट में पेश किए जाएंगे और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।