लुधियाना । ताजपुर रोड स्थित बुड्ढे दरिया में गिरने वाले व्यक्ति का शव घटना के दो दिन बाद करीब 12 किलोमीटर दूर चंद्र नगर पुली के पास बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल और कैलाश नगर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में थाना टिब्बा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच का जिम्मा संभाला।
मृतक की पहचान राम कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे की रात की कहानी
मृतक की पत्नी ओमवती ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे राम कृष्ण नशे की हालत में घर लौटे थे। इलाके में बिजली न होने के कारण वह बाहर निकल गए और नाले के पास पुली की किनारे बैठ गए। उसी समय उनके बच्चे भी बाहर मौजूद थे।
कुछ ही देर बाद राम कृष्ण की बेटी दौड़ती हुई आई और बताया कि उसके पिता नाले में गिर गए हैं। इसके बाद परिवार ने फौरन उन्हें तलाशना शुरू किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
दो दिन तक चली तलाश
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर गोताखोरों की मदद से पूरे शुक्रवार रात और शनिवार दिनभर तलाश अभियान चलाया, लेकिन राम कृष्ण का कोई पता नहीं चल सका। रविवार शाम को सूचना मिली कि उनका शव चंद्र नगर पुली पर बहकर आ गया है, जहां से पुलिस ने शव बरामद किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना टिब्बा की पुलिस ने मामला अपने हाथ में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।