लुधियाना। पंजाब में अपनी मांगों को लेकर किसानों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। किसानों ने सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए लुधियाना स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा को कुछ समय के लिए फ्री करवा दिया, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया गया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन और सरकार के सामने गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी के विरोध में उन्होंने टोल प्लाजा को मुफ्त करवा कर अपनी नाराजगी जताई।
किसानों ने मांग की कि बेअदबी की घटनाओं में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान कुछ वाहन चालकों ने भी टोल कर्मचारियों पर आरोप लगाए। एक ड्राइवर ने कहा कि देर रात सब्जियों से भरी किसानों की गाड़ियों को निकलते समय टोल कर्मचारी अक्सर उन्हें परेशान करते हैं।
ड्राइवरों का यह भी आरोप है कि कई बार टोल कर्मियों द्वारा लोगों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।