फरीदाबाद। जिले में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को निशाना बनाते हुए कुल 5.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ितों ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के डमुरा गांव निवासी मोहम्मद नइमुल्लाह वर्तमान में संत सूरदास कॉलोनी में रहते हैं। आरोप है कि साइबर ठगों ने उन्हें विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और विभिन्न शुल्कों के नाम पर उनसे करीब 4.15 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।
दूसरे मामले में मलेरना रोड स्थित हरि विहार निवासी मोहर सिंह से पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों की मदद के नाम पर 98 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने भावनात्मक अपील कर उनसे पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।