गुरुग्राम | शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है। सुशांत लोक थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पलवल जिले के रोहता पट्टी निवासी मुकेश के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-44 स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार मुकेश किसी काम से अपनी बाइक पर सेक्टर-44 से व्यापार केंद्र रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान व्यापार केंद्र के पास सामने से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आ रही सफेद रंग की थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थार पर आगे-पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। टक्कर लगते ही चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल मुकेश को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के भाई अशोक की शिकायत पर सुशांत लोक थाने में अज्ञात थार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।