Summer Express, रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सोमवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 7 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र रेवाड़ी में ही था और इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
झटके हल्के होने के कारण किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों, खासकर गुरुग्राम में लोगों ने घरों के अंदर पंखे और अन्य सामान हल्के-हल्के हिलते हुए महसूस किए। कुछ जगहों पर लोगों में थोड़ी देर के लिए घबराहट भी देखी गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में भी हल्का कंपन महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण आता है। धरती के भीतर मौजूद सात प्रमुख प्लेटें लगातार गतिशील रहती हैं और जब ये आपस में टकराती हैं या दबाव बढ़ता है तो ऊर्जा बाहर निकलती है, जिससे भूकंप के झटके महसूस होते हैं।
भूकंप की तीव्रता को रिक्टर स्केल के माध्यम से मापा जाता है, जिसे रिक्टर मैग्नीट्यूड स्केल भी कहा जाता है। इस पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 1 से 9 के बीच दर्ज की जाती है। भूकंप का केंद्र यानी एपीसेंटर वह स्थान होता है, जहां से कंपन की शुरुआत होती है और इसके आसपास के क्षेत्रों में झटके अधिक महसूस किए जाते हैं। जैसे-जैसे दूरी बढ़ती है, कंपन का असर कम होता जाता है। फिलहाल इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।