मंडी, धर्मवीर -:बीबीएमबी पंडोह डैम में 23 मार्च को व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल डैम की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों के उद्देश्य से सीआईएसएफ और बीबीएमबी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें डैम के आसपास की विभिन्न पंचायतों के लोगों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में स्थानीय लोगों को बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा सके।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर बुधवार को बीबीएमबी के रेस्ट हाउस पंडोह में सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पंडोह पुलिस, डीडीएमए और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के बीच एक टेबल टॉक मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में 23 मार्च को होने वाली मॉक ड्रिल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी विभागों और एजेंसियों की जिम्मेदारियां तय की गईं, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चन्द्रमणि शर्मा ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य डैम सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना है। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में सभी एजेंसियां मिलकर प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य कर सकें। वहीं सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट दीपक जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न प्रकार के आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया जाएगा, जिसमें बचाव कार्य, लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और आपातकालीन सेवाओं का समन्वय शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास से सुरक्षा बलों और अन्य एजेंसियों की तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक में एसडीआरएफ के एएसपी खजाना राम, एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर संदीप, डीडीएमए से प्रवीण, सी आई एस एस पंडोह के इंचार्ज इंस्पेक्टर अशोक तक्षक, पंडोह पुलिस के अधिकारी, बीबीएमबी और सीआईएसएफ के कर्मचारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।