ऊना, राकेश -:ऊना सदर से कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने आरडीजी और आपदा राहत के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसदों पर तीखा हमला बोला है। ऊना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आई आपदा के बाद भी भाजपा सांसद हिमाचल के हित में केंद्र सरकार के सामने मजबूती से आवाज नहीं उठा पाए।
रायजादा ने कहा कि आपदा के समय प्रदेश को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था, लेकिन इसके बावजूद केंद्र से अपेक्षित सहायता नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि देने की बात कही गई थी, लेकिन उस पर भी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई।पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और प्रदेश के हितैषी नेता लगातार हिमाचल के अधिकारों की बात उठा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा भी प्रदेश के मुद्दों को मजबूती से उठाने की सराहना की।इसके साथ ही रायजादा ने भाजपा सांसदों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसी भाषा का इस्तेमाल जारी रहा तो कांग्रेस भी उसी भाषा में जवाब देने से पीछे नहीं हटेगी।उन्होंने कहा कि देश की आजादी में गांधी परिवार का बड़ा योगदान और बलिदान रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।