Summer Express , लुधियाना | जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी में आलू-प्याज का थोक कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बंदा बहादुर नगर निवासी ध्यान सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह ध्यान सिंह ने अपनी दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब पास की एक दुकान के मालिक ने कमरे के अंदर उन्हें फंदे से लटका हुआ देखा।
यह दृश्य देखते ही दुकानदार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तुरंत इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना जोधेवाल पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई कुलदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।