Summer express,यमुनानगर | यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के जठलाना स्थित इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की ट्रेनॉक्स लैमिनेट फैक्टरी पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। हमलावरों ने फैक्टरी के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब आठ राउंड फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां फैक्टरी परिसर में खड़े एक ट्रक के आगे जा लगीं, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। उस समय फैक्टरी के गेट पर बने सिक्योरिटी रूम में कर्मचारी मौजूद थे। तभी दो युवक, जिन्होंने अपने चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे, अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों में डर का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लगातार कई राउंड फायर किए और फिर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलियां फैक्टरी के अंदर तक पहुंचने से स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीआईए-1, सीआईए-2 और थाना जठलाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद कर लिए हैं और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या दहशत फैलाने की नीयत से जुड़ा माना जा रहा है।
फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना के बाद फैक्टरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, हालांकि कर्मचारियों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है।