Summer Express,चंबा | त्रियूंड ट्रैक पर खराब मौसम के कारण दो युवक रास्ता भटककर फंस गए, जिन्हें प्रशासन और SDRF की टीम ने देर रात सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इस दौरान चंबा का एक युवक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से पुलिस थाना मकलोडगंज को मिली, जिसके बाद डीडीएम कंट्रोल रूम धर्मशाला को सूचित कर रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना की गई।
जानकारी के अनुसार, कर्ण चड्डा निवासी जिला चंबा अपने चार दोस्तों गगनदीप, अनमोल, श्वेत और साहिल के साथ त्रियूंड ट्रैकिंग के लिए निकले थे। ट्रैकिंग के दौरान तीन युवक आगे पहुंच गए, जबकि गगनदीप और अनमोल पीछे रह गए। इसी बीच अचानक मौसम खराब हो गया और क्षेत्र में बारिश, ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने लगी, जिससे दोनों युवक रास्ता भटक गए।
अनमोल ने फोन पर बताया कि वह और उसका साथी गगनदीप चीड़ के पेड़ के नीचे रुके हुए हैं। सूचना मिलने के बाद उनके साथियों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर सोमवार देर रात करीब ढाई बजे दोनों युवकों को सुरक्षित निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, खराब मौसम के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। घायल युवक को उसके साथी इलाज के लिए धर्मशाला अस्पताल ले गए, जहां से उसे आगे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।