Summer express, सिरसा । हरियाणा में हाल ही में हुई बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
शनिवार को सिरसा जिले में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से प्रदेश का मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 3 अप्रैल को भी कई स्थानों पर तेज हवाओं, आंधी, बूंदाबांदी और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि दर्ज की गई थी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि रविवार को प्रदेश के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वर्तमान मौसम प्रणाली के धीरे-धीरे हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र से आगे निकलने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है।
तापमान की बात करें तो अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। हिसार में 17.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। वहीं महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के और बदलाव की संभावना जताई है।