Summer Express, गुरुग्राम। सेक्टर 89 में सोमवार दोपहर चार फर्नीचर गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे इलाके को धुएं ने अपनी चपेट में ले लिया और आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न दमकल केंद्रों से कुल सात गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया, जिनमें मानेसर, भीम नगर, सेक्टर 29, उद्योग विहार और सेक्टर 37 की गाड़ियां शामिल रहीं।
दमकल कर्मियों के अनुसार आग की शुरुआत की सूचना करीब दोपहर 12 बजे मिली थी। शुरुआती प्रयासों के बावजूद आग तेजी से फैलती गई और चारों गोदाम इसकी चपेट में आ गए। फिलहाल आग बुझाने का अभियान जारी है और स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि गोदामों में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि जहां आग लगी, उसके पास ही पेट्रोल और सीएनजी पंप भी मौजूद हैं, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए थे। दमकल टीमों ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।