Summer express,सोनीपत । सोनीपत के गोहाना बाईपास पर उस समय हड़कंप मच गया जब मयूर विहार से फरीदाबाद जा रही एक टाटा अल्ट्रोज कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार चालक गौरव मयूर विहार से फरीदाबाद के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में जब वह गोहाना बाईपास पर सीएनजी भरवाने के लिए रुका, तभी वाहन में अचानक तकनीकी खराबी महसूस हुई। चालक जैसे ही कार से नीचे उतरा, उसी दौरान कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत दूरी बना ली, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई और लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनीपत फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी को संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।