Summer Express,गोहाना । सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के देवी नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही बेटी की चाकू से वार कर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतका की पहचान करीब 23-24 वर्षीय चीनू के रूप में हुई है, जो नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता अनिल ने कथित रूप से झूठी शान और सामाजिक दबाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उसने बेटी पर चाकू से कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।