Summer express, राकेश कुमार शर्मा, करनाल | करनाल के मधुबन थाना क्षेत्र में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब आर्वधन नहर पटरी पर पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को सीआईए-1 टीम के जरिए सूचना मिली थी कि कर्ण विहार फायरिंग केस का आरोपी गगन, निवासी गांव रांवर, स्कूटी पर अपने गांव की ओर जा रहा है। टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस के अनुसार गगन ने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर कर्ण विहार इलाके में उज्ज्वल उर्फ मोनू पर जानलेवा फायरिंग की थी, जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में एक अन्य आरोपी विशाल पहले ही पुलिस के सामने सरेंडर कर चुका है, जिसे अब प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विशाल का नाम पहले प्योंत टोल प्लाजा फायरिंग मामले में भी जुड़ा रहा है, जिसमें बैरियर तोड़कर फायरिंग कर फरार होने की घटना शामिल थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।