Summer express, भिवानी | भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव मिलकपुर के पास एक निजी बस में लगी भीषण आग ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। जब अचानक बस में तेज धमाका हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में मारे गए दोनों व्यक्तियों के शव पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में एक पुलिसकर्मी और एक निजी कंपनी का ऑपरेटर शामिल हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से डीएनए जांच के लिए सैंपल मधुबन भेजे गए हैं।
घटना में घायल हुए यात्रियों में से पांच के बयान पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं, जबकि अन्य का इलाज हांसी और हिसार के अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी और डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों की पहचान की पुष्टि की जाएगी।
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बस का टायर फटना माना जा रहा था, लेकिन मौके पर तेल का टैंक सुरक्षित मिलने के बाद यह संभावना कमजोर पड़ गई है। अब पुलिस विस्फोट की आशंका को भी गंभीरता से जांच के दायरे में लेकर हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
मामले की गहराई से जांच के लिए बैलिस्टिक और फोरेंसिक टीमों को भी शामिल किया गया है। पुलिस और विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह एक हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी।