Summer express, सोनीपत | भारतीय जनता पार्टी ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर सोनीपत नगर निगम के लिए अपना विशेष ‘संकल्प पत्र’ जारी किया है। ‘समर्पित सेवा और सशक्त सुशासन’ के विजन के साथ पार्टी ने शहर के समग्र विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, खेल सुविधाओं के विस्तार और महिला सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं।
घोषणा पत्र में जल प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए शहर में करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की योजना रखी गई है, ताकि जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। इसके साथ ही गांव राठधना और देवडू में नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जबकि पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी विशेष बजट का प्रावधान किया गया है।
स्मार्ट सिटी अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए शहर में 200 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके जरिए शहर की निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूत किया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्थानों पर व्यापक सीसीटीवी नेटवर्क भी लगाया जाएगा।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए सड़कों और ग्रीन बेल्ट के विकास पर बड़ा निवेश प्रस्तावित है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मल्टी-लेवल पार्किंग निर्माण की भी योजना शामिल है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-4 स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि विभिन्न इलाकों में नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे।
जनसुविधाओं के तहत आधुनिक सभागार, डिस्पेंसरी और ड्रेनों के सौंदर्यीकरण जैसे प्रोजेक्ट भी शामिल किए गए हैं। महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ की व्यवस्था की जाएगी, जिनमें सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा लंबे समय से रह रहे परिवारों को मकानों का मालिकाना हक देने और महिलाओं के नाम पर रजिस्टर्ड संपत्तियों पर हाउस टैक्स में छूट देने का वादा भी किया गया है। नगर सेवाओं के डिजिटलीकरण के जरिए प्रॉपर्टी टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और भवन निर्माण स्वीकृति जैसी प्रक्रियाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल है।