Summer express, सुंदर कुंडू, पलवल I पलवल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नवजात शिशु से लेकर पांच साल तक के बच्चों को टीके लगाए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित करना है।
नोडल अधिकारी डॉ. संजीव तंवर ने बताया कि टीकाकरण के माध्यम से बच्चों को टीबी, पोलियो, डिप्थीरिया, हेपेटाइटिस-बी और खसरा सहित करीब 12 बीमारियों से बचाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के कार्यक्रम के तहत जन्म से लेकर 16 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क टीके लगाए जाते हैं, जो उनके स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने बताया कि बीसीजी, पेंटावेलेंट, रोटावायरस और पीसीवी जैसे प्रमुख टीके 6, 10 और 14 सप्ताह में दिए जाते हैं, साथ ही बाद में बूस्टर डोज भी लगाई जाती है। यदि किसी कारणवश कोई बच्चा टीकाकरण से छूट जाता है तो उसे कवर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है, जिसके तहत एक सप्ताह के भीतर ऐसे बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर और विशेष शिविरों के माध्यम से इस अभियान को सफल बना रही हैं। विभाग ने पिछले वर्ष निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया था और इस वर्ष भी उसी लक्ष्य को हासिल करने का दावा किया गया है