Summer express/शिमला, संजू -:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कमला नेहरू अस्पताल (KNH) से गायनी वार्ड को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और शिमला नागरिक सभा के बैनर तले महिलाओं ने IGMC के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सरकार से इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं समिति की अध्यक्ष फालमा चौहान ने कहा कि गायनी वार्ड को शिफ्ट करने से महिलाओं को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।उनका कहना है कि यदि सरकार महिलाओं को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं देना चाहती है, तो कमला नेहरू अस्पताल में ही नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाना चाहिए, न कि सेवाओं को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि IGMC में पहले से ही अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे मरीजों के लिए संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों के लिए यह निर्णय और भी चिंताजनक है।फालमा चौहान ने बताया कि इस मुद्दे पर उन्हें शहर भर से महिलाओं और आम नागरिकों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही समिति इस मामले को अदालत में ले जाने पर भी विचार कर रही है।