कर्नाटक | कर्नाटक के धारवाड़ से बेंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को शुक्रवार दोपहर दावणगेरे स्टेशन पर उस समय रोकना पड़ा जब सी4 कोच में “हॉट एक्सल” की समस्या सामने आई। दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ने इस घटना की जानकारी दी है और बताया कि ट्रेन को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत रोका गया।
रेलवे के मुताबिक, अमरावती कॉलोनी के पास तैनात गेटकीपर ने करीब 3:30 बजे एक्सल में अत्यधिक गर्मी और धुआं उठता देखा। इसे “हॉट एक्सल” की स्थिति माना गया, जो एक्सल में घर्षण, धुआं और चिंगारी जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की स्थिति से बड़े हादसे भी हो सकते हैं, इसलिए एहतियातन ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बताया कि जांच के बाद यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जन शताब्दी एक्सप्रेस और जोधपुर एक्सप्रेस से बेंगलुरु रवाना किया गया। वहीं, अरसीकेरे स्टेशन पर सभी यात्रियों को भोजन और नाश्ता मुहैया कराया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 502 यात्री सवार थे। इस पूरी घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
रेलवे ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में इस तरह की तकनीकी खराबियों से बचाव किया जा सके।