Summer express, अंबाला | अंबाला कैंट के सैन्य क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में छह बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:30 बजे सर्किट हाउस के पास हुआ। ऑटो चालक अनिल डिफेंस कॉलोनी से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक एक्टिवा सवार महिला को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक मोड़ लिया, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।
हादसे में घायल सभी बच्चे अंबाला कैंट स्थित मिक्की मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं। घायलों की पहचान चौथी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ,विहान, सुरभि, आकाश, चाहत, साहिल और पायल के रूप में हुई है।
मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से बच्चों को तुरंत अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन और स्कूल स्टाफ भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।