Summer express, हिसार | हिसार के सेक्टर-13 क्षेत्र में महिला सोनिया की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के महज चार माह बाद से ही उसे ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका की बड़ी बहन शालू के अनुसार, पति सौरव और उसके परिवार के सदस्य सोनिया को मायके से दहेज न लाने को लेकर ताने देते थे और मानसिक रूप से परेशान करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण भी उसे लगातार अपमान सहना पड़ता था।
परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से ठीक पहले एकादशी के दिन सोनिया का पति अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने अगले दिन उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसी शाम वह घर के गेट पर खड़ा मिला, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
आरोप है कि करीब तीन महीने पहले भी सोनिया की हत्या की कोशिश की गई थी। उस दौरान गला दबाने की घटना सामने आई थी, जिसे उसकी बेटी ने लोगों को बताया था। इसके बाद पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन पारिवारिक दबाव के चलते सोनिया ने समझौता कर लिया था।
परिवार ने यह भी बताया कि फरवरी में सोनिया के पिता की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। पिता की खराब सेहत के कारण सोनिया ससुराल छोड़कर मायके नहीं आना चाहती थी और मजबूरी में अत्याचार सहती रही।
इसके अलावा ससुराल पक्ष में चल रहे संपत्ति विवाद को भी घटना की एक संभावित वजह बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि सोनिया को इस विवाद में एक मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था और पति ने लंबे समय से उसकी जिम्मेदारियों की अनदेखी की।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयानों के आधार पर विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपित पति की भूमिका को भी गंभीरता से खंगाला जा रहा है।