Summer express, नई दिल्ली | घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में मजबूत तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 1,52,605 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी 2,55,575 रुपए प्रति किलोग्राम के करीब कारोबार करती नजर आई। वैश्विक बाजारों में बढ़ती मांग और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि के चलते कीमती धातुओं में लगातार तेजी बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (Comex) में सोना 4,702.20 डॉलर प्रति औंस पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 4,694.30 डॉलर प्रति औंस था। कारोबार के दौरान इसमें 22 डॉलर से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई और यह 4,716.70 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया।
वहीं चांदी की कीमतों में भी मजबूती बनी रही। कॉमेक्स पर चांदी का वायदा भाव 77.83 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जो बाद में बढ़कर 78.42 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 77.30 डॉलर प्रति औंस था।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,900 रुपए बढ़कर 1,55,400 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। इससे पहले मंगलवार को इसका भाव 1,52,500 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखने को मिली। चांदी 3,500 रुपए महंगी होकर 2,54,500 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,51,000 रुपए प्रति किलोग्राम था।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा है। इसी वजह से सोने और चांदी की मांग में तेजी देखने को मिल रही है।