Summer express, गुरुग्राम | कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार 8 मई को गुरुग्राम पहुंचेंगे। वह पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ओर से निकाली जा रही ‘सद्भाव यात्रा’ के अंतिम चरण में शामिल होंगे। इस दौरे को हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और आने वाले चुनावी समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी शुक्रवार शाम दिल्ली से रवाना होकर करीब पांच बजे गुरुग्राम पहुंचेंगे। यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक खांडसा चौक से होगी, जहां राहुल गांधी और बृजेंद्र सिंह करीब एक किलोमीटर तक पैदल मार्च करेंगे। इसके बाद एसडी स्कूल के पास आयोजित जनसभा में राहुल गांधी कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। उनकी एडवांस सुरक्षा टीम गुरुग्राम पहुंचकर पूरे रूट का निरीक्षण करेगी। वहीं कांग्रेस संगठन भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गया है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
बृजेंद्र सिंह ने अक्टूबर 2025 में ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत की थी। अब तक यह यात्रा प्रदेश की 90 में से 81 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यात्रा के अंतिम पड़ाव में राहुल गांधी की मौजूदगी कई बड़े राजनीतिक संकेत दे रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी का इस कार्यक्रम में शामिल होना बृजेंद्र सिंह के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के तौर पर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व हरियाणा में सक्रिय अन्य नेताओं को भी महत्व देने का संदेश देना चाहता है। खासकर दक्षिण हरियाणा और अहीरवाल क्षेत्र में इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।