Summer express, अंबाला | हरियाणा के अंबाला स्थित सद्धोपुर के एमएम अस्पताल में उपचार के दौरान नौ वर्षीय बच्ची की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुटी रही।
मृतक बच्ची की पहचान नारायणगढ़ के रायवाली गांव निवासी आकृति के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, आकृति को करीब 40 दिन पहले सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उसका इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर थी।
परिवार का आरोप है कि उपचार के दौरान रात में मेडिकल स्टाफ ने बच्ची के गले में पाइप डालते समय गंभीर लापरवाही बरती, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि पाइप गलत तरीके से डाले जाने के कारण लगातार रक्तस्राव होने लगा और इसके बाद बच्ची की तबीयत तेजी से खराब होती चली गई। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत के बाद परिजन अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्ची की हालत पहले से गंभीर थी और डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। फिलहाल मामले को लेकर जांच की मांग उठ रही है।