Summer express शिमला, संजू -:हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के नतीजे आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।इसी बीच शिमला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।भाजपा का दावा है कि 47 नगर निकायों में हुए चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने बड़ी जीत दर्ज की है।भाजपा के अनुसार कुल 229 सीटों में से 120 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को 89 सीटों पर सफलता मिली।
राजीव बिंदल ने कहा कि यह परिणाम प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनमत है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज़ है और इसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को जानबूझकर टालने की कोशिश की। उनके अनुसार ये चुनाव अक्टूबर 2025 में होने चाहिए थे, लेकिन सरकार चुनाव करवाने से बचती रही। बिंदल ने कहा कि मामला अदालत तक पहुंचा और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद चुनाव करवाने पड़े।उन्होंने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने आधिकारिक प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की, लेकिन अब जीत का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा ने अपने अधिकृत उम्मीदवार मैदान में उतारे थे और जीतने वाले प्रत्याशी पार्टी समर्थित हैं।
राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार पर प्रशासनिक दबाव बनाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई लोगों के जाति और वर्ग प्रमाण पत्र रद्द किए गए, जिससे कई उम्मीदवारों के नामांकन प्रभावित हुए। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार अधिकारियों के माध्यम से चुने हुए प्रतिनिधियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।इस दौरान बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर हर मुद्दे पर मुकाबले के लिए तैयार है।