Summer express, पंचकूला। पंचकूला के सेक्टर-11 में एक चौकीदार की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मकान नंबर 172 की बताई जा रही है, जहां लंबे समय से कार्यरत चौकीदार जंग बहादुर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक वारदात के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
मृतक की पहचान जंग बहादुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। वह काफी समय से संबंधित मकान में चौकीदार के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पंचकूला पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलाके के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।