Summer express, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में देर शाम आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। खराब मौसम के बीच हुए दो दर्दनाक हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। तेज हवाओं और धूलभरी आंधी से जिले का जनजीवन भी पूरी तरह प्रभावित रहा।
सबसे दर्दनाक हादसा टपकन गांव में हुआ, जहां गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की करीब 30 से 35 फुट लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि शाम के समय 8 से 10 बच्चे स्कूल के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तेज धूलभरी आंधी शुरू हो गई। आंधी से बचने के लिए बच्चे स्कूल की दीवार के पास जाकर खड़े हो गए, लेकिन तेज हवाओं का दबाव दीवार सहन नहीं कर सकी और अचानक बच्चों पर गिर पड़ी।
हादसे में 15 वर्षीय मोहम्मद अयान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासिक (13), कामिल (15), सुफियान (11) और वसीम (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत शाहिद हसन खान मेवाती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं दूसरा हादसा चंदेनी गांव में हुआ, जहां तेज तूफान के दौरान दीवार गिरने से 9 वर्षीय अनसेफ खान की मौत हो गई। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले मासूम की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
आंधी-तूफान के कारण जिले में व्यापक नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर बिजली के पोल और पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा। कई इलाकों में ओलावृष्टि से फसलों और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। प्रशासन अब पूरे जिले में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।