चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य के स्कूलों में योग को और अधिक व्यापक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को भी योग पढ़ने का विकल्प मिलेगा। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया गया है।
इस कमेटी में एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) के निदेशक और हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इससे पहले कक्षा पहली से 10वीं तक योग को अनिवार्य विषय के रूप में पाठ्यक्रम में शामिल किया जा चुका है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक जितेंद्र कुमार ने कमेटी गठन के आदेश जारी करते हुए निर्देश दिया है कि तय समय सीमा के भीतर यह कमेटी अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार कर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करे। इस रिपोर्ट के आधार पर योग, खेल और अन्य सहगामी विषयों को मिलाकर नया पाठ्यक्रम तैयार किया जाएगा, जिसमें परीक्षा भी शामिल होगी।
सरकार का उद्देश्य है कि बच्चे बचपन से ही योग को समझें और उसे अपने जीवन में अपनाएं। इसके लिए पी.एम. मॉडल संस्कृति और क्लस्टर स्कूलों में 857 योग सहायकों की नियुक्ति की जाएगी, जो छात्रों को नियमित रूप से योग का प्रशिक्षण देंगे।