Summer express, सुन्दर कुंडू, पलवल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय पलवल की ओर से मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर रविन्द्र दीक्षित ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा अन्य आवश्यक संशोधनों से संबंधित प्रपत्र भी भरवाए जाएंगे।
रविन्द्र दीक्षित ने कहा कि बीएलओ को विशेष रूप से एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न किया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पलवल, होडल, हथीन और हसनपुर ब्लॉकों में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन विभाग द्वारा मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है, जो संबंधित क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय का उद्देश्य है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को पूर्ण रूप से अद्यतन किया जाए, जिससे आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और निर्वाचन प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय एवं पारदर्शी बन सके।