शिमला | हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश ने इस बार जमकर कहर बरपाया है। अब तक प्रदेश में 700 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है और कई लोगों की जानें भी जा चुकी हैं। सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि वह जल्द ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। साथ ही, उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों तक खच्चरों के जरिए राशन पहुंचाना शुरू कर दिया है और किसी भी हाल में खाद्यान्न की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जैसे ही मौसम में थोड़ा सुधार होगा, वे सिराज क्षेत्र का दौरा करेंगे। उन्होंने सिराज के लोगों से अपील की कि जिनके पास अतिरिक्त मकान हैं, वे उन्हें आपदा प्रभावित परिवारों को किराए पर उपलब्ध कराएं। इसके बदले राज्य सरकार प्रति परिवार ₹5000 प्रति माह किराया देगी।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार को आपदा प्रभावित इलाकों के लिए रवाना हो चुके हैं और आज लोक निर्माण मंत्री ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कई मार्ग आंशिक रूप से खोल दिए गए हैं और राज्य सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से उम्मीद है कि प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी और हालात जल्द सामान्य हो सकेंगे।