Summer express, बारामूला | जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट हुए एक आकस्मिक विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई। यह घटना बारामूला जिले के कमलकोट क्षेत्र में मंगलवार शाम सामने आई, जिससे सेना और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एलओसी के अग्रिम क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान अचानक हुए विस्फोट में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि इलाज के दौरान दोनों जवानों ने दम तोड़ दिया।
शहीद जवानों की पहचान महाराष्ट्र के ऐरोली निवासी विक्रम बालकृष्ण चव्हाण और सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर गांव निवासी अर्जुन राजेंद्र जाधव के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट एलओसी के नजदीक अग्रिम चौकी क्षेत्र में आकस्मिक परिस्थितियों में हुआ। घटना के बाद सेना और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
इस दुखद हादसे के बाद सेना के जवानों और स्थानीय नागरिकों में शोक की लहर है। दोनों जवानों के बलिदान पर उनके पैतृक क्षेत्रों में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।