अमृतसर | श्री दरबार साहिब में रविवार दोपहर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक परिवार अपना करीब 7 साल का बच्चा वहां छोड़कर अचानक लौट गया। महिला और पुरुष, जो एक अन्य छोटे बच्चे को गोद में लिए हुए थे, कुछ ही मिनटों के लिए परिसर में आए और दर्शन किए बिना ही वहां से चले गए।
बिना माथा टेके लौटे, बच्चा छोड़ गए पीछे
श्री दरबार साहिब प्रबंधन के अनुसार, यह परिवार न तो माथा टेकने गया और न ही परिक्रमा की। वे सिर्फ कुछ समय के लिए परिसर में रुके और फिर 7 वर्षीय बच्चे को छोड़कर रवाना हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए माता-पिता
मंदिर प्रबंधन के मैनेजर राजिंदर सिंह ने बताया कि बच्चे के अकेले पाए जाने के बाद परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें देखा गया कि परिवार कैसे उसे छोड़कर भाग गया। अभी तक इस परिवार की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस और प्रबंधन कर रहे जांच
बच्चे को सुरक्षित रखा गया है और मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह घटना मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के लिए बेहद भावुक और चिंता का विषय बन गई है। फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और उसकी देखभाल की जा रही है।