नई दिल्ली | दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को एक अहम पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही ‘रक्तदाता ऐप’ शुरू करने जा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को ब्लड डोनर्स की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
गुप्ता आनंद विहार में आयोजित एक रक्तदान शिविर में पहुंची थीं, जहां उन्होंने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी साझा की।
क्या होगा इस ऐप में?
मुख्यमंत्री ने बताया, “यह ऐप उन लोगों की पूरी डिटेल्स रखेगा जो स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहते हैं।” इसमें न सिर्फ ब्लड ग्रुप, बल्कि व्यक्ति ने कब पिछली बार रक्तदान किया, और क्या वह फिर से रक्तदान के लिए पात्र है या नहीं, यह जानकारी भी शामिल होगी।
इसके अलावा, ऐप में रक्तदाताओं का संपर्क विवरण भी रहेगा ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति अपने नजदीकी ब्लड डोनर से संपर्क कर सके।
रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि सरकार डिजिटल तकनीक का उपयोग कर स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के और करीब लाना चाहती है, और यह ऐप उसी दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।