Summer express, लुधियाना। केशव नगर स्थित श्रीयांश निटवेयर फैक्ट्री में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 11:15 बजे कैंसर अस्पताल के पास स्थित तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर से आग की लपटें उठीं, जिसने कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद फैक्ट्री में रखा तैयार माल, कच्चा माल और मशीनरी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी श्रमिकों और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
35 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में धागे से कपड़ा निर्माण का कार्य किया जाता है। आग लगते ही कर्मचारियों ने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और फैक्ट्री मालिक व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात 12 बजे से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके पर 35 से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करवा लिया गया।
करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका
फैक्ट्री मालिक विनय जैन के अनुसार आग से भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। अभी तक नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है, लेकिन आशंका है कि यह नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।