Summer express,सुंदर कुंडू, पलवल। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित किरंज टोल प्लाजा पर इंजीनियर के साथ मारपीट और लूटपाट के मामले में हथीन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बाउंसरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फरीदाबाद के नगला जोगियान निवासी विनय और दानसिंह तथा पलवल के दुधौला निवासी तरुण के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में फरीदाबाद सेक्टर-11 निवासी कनव मित्तल ने बताया कि वह पेशे से इंजीनियर हैं। वह अपनी दिल्ली नंबर की कार से किरंज टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। आरोप है कि टोल पार करते ही वहां मौजूद एक बाउंसर ने उनकी चलती कार पर डंडा फेंककर मार दिया, जिससे गाड़ी का साइड शीशा टूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने कार रोककर इसका कारण पूछा तो मौके पर कई अन्य बाउंसर इकट्ठा हो गए। आरोपितों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनकी जेब से 20 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली।
पीड़ित ने बताया कि जाते समय आरोपितों ने उन्हें धमकी दी कि यदि घटना की शिकायत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या पुलिस से की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
कनव मित्तल ने मामले में टोल भुगतान की रसीद, क्षतिग्रस्त कार की तस्वीरें और घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा। घटना के बाद उन्होंने पलवल के सरकारी अस्पताल में उपचार कराया।मामले की जांच कर रहे मिंडकोला चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने किरंज टोल प्लाजा पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में इंजीनियर के साथ मारपीट की घटना सही पाई गई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। 006