Summer express, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के कैत क्षेत्र में एक कोर्ट कर्मचारी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जबकि घटनास्थल के पास वाहन के टायरों के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस मामले को हत्या के एंगल से जांच रही है।
मृतक की पहचान गुरमेल सिंह के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र न्यायालय में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह सैर के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। करीब दो घंटे बाद उनका शव झाड़ियों में पड़ा मिला।
परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुरानी रंजिश को वजह बताया है। परिवार का आरोप है कि करीब छह महीने पहले गुरमेल सिंह के बेटे ने अंतरजातीय विवाह किया था, जिसके बाद लड़की पक्ष ने विरोध और विवाद किया था। बाद में पुलिस हस्तक्षेप के बाद समझौता कराया गया था, लेकिन उसके बाद भी तनाव बना हुआ था।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनका एक पड़ोसी लगातार लड़की पक्ष को परिवार की गतिविधियों की जानकारी देता था। परिवार के मुताबिक, कई बार उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह नहीं माना।
घटनास्थल से मिले टायरों के निशानों के बाद आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने वाहन का इस्तेमाल किया हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।