Summer express, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। आरोप है कि 26 वर्षीय युवक की उसके पिता, सौतेली मां और सौतेले भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया और घर में मौजूद खून के निशान मिटाकर सबूत खत्म करने का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता मलकीत सिंह और उसकी दूसरी पत्नी मनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सौतेले भाई जश्नदीप सिंह और गगनदीप सिंह फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मकान के विवाद के बाद हुआ जानलेवा हमला
मृतक की पत्नी किरनदीप कौर के अनुसार, रात मकान को लेकर परिवार में विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पिता, सौतेली मां और दोनों सौतेले भाइयों ने आकाशदीप पर दात्तर और डंडों से हमला कर दिया। जब उसने पति को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। उसने पूरी रात पति की चीखें सुनीं, लेकिन कमरे में बंद होने के कारण उसकी कोई मदद नहीं कर सकी।
सबूत मिटाने की कोशिश, दीवारों पर मिले खून के निशान
पत्नी ने बताया कि देर रात घर में अचानक सन्नाटा छा गया। आरोपियों ने उसे बताया कि आकाशदीप को अस्पताल ले जाया गया है। अगले दिन जब वह घर लौटी तो दीवारों, फर्श और छत पर खून के निशान देखकर हैरान रह गई। आरोप है कि आरोपी सीमेंट-पेंट कर और फर्श धोकर सबूत मिटाने में जुटे थे। इसी बीच किसी ग्रामीण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
शव नहर में फेंकने का आरोप, तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि हत्या के बाद शव को गांव भोमा के पास नहर में फेंक दिया गया। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम नहर में शव की तलाश कर रही है।
डीएसपी के अनुसार, आकाशदीप 3 जुलाई को जमानत पर जेल से घर लौटा था। पुलिस ने हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।