Summer express, गुरुग्राम , अनुज पांचाल I साइबर सिटी गुरुग्राम में मामूली कहासुनी के बाद दोस्त की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ फेज-5 के अरावली वन क्षेत्र में 39 वर्षीय व्यक्ति की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान झारखंड के गुमला निवासी बंदी उरांव (39) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह करीब एक माह पहले ही रोजगार की तलाश में गुरुग्राम आया था। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
जांच के दौरान सेक्टर-53 थाना पुलिस और सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोप में राम (30), विनय (35) और प्रकाश (26) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी भी झारखंड के रहने वाले हैं और फिलहाल गुरुग्राम के वजीराबाद क्षेत्र में रहकर ऑटो और टैक्सी चलाने का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई कार आरोपी राम की है।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि रात वजीराबाद में एक दोस्त के बेटे की जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें मृतक और तीनों आरोपी शामिल हुए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद बंदी उरांव ने दोस्तों से गुरुग्राम घुमाने की इच्छा जताई, जिसके बाद सभी कार में सवार होकर निकल पड़े।
रास्ते में वजीराबाद ढाणी चौक के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपी बंदी उरांव को जबरन अरावली क्षेत्र में ले गए, जहां पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों, घटनाक्रम और बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।