लक्की मेहता| लुधियाना
समर न्यूज
नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने शनिवार को विश्व बैंक और एआईआईबी की वित्तीय सहायता से गांव बिलगा में बन रहे 580 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, लेकिन गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर इंजी. गुरविंदर पाल सिंह, एक्सईएन इंजी. अमरजीत सिंह, एक्सईएन इंजी. रोहित शरीमाली, प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट, कंसल्टेंट और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कमिश्नर ने प्लांट के इनलेट प्वाइंट, निर्माणाधीन प्रमुख ट्रीटमेंट यूनिटों और अन्य सिविल कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने साइट पर अपनाई जा रही गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस दौरान कंक्रीट की क्यूब टेस्टिंग, निर्माण सामग्री की जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य स्वीकृत तकनीकी मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने मजदूरों के रहने के लिए बनाए गए श्रमिक शिविरों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल, सैनिटेशन और श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने साइट पर जल निकासी, हाउसकीपिंग और सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने के लिए भी कहा, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके। ओजस्वी अलंकार ने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी, बेहतर समन्वय और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम लुधियाना शहरवासियों को आधुनिक, टिकाऊ और विश्वस्तरीय जलापूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।