Summer eexpress, चरखी दादरी। शहर के चर्चित कोर्ट रोड गोलीकांड मामले में दादरी पुलिस की जांच और कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव कलियाणा निवासी रोहित उर्फ बाबा उर्फ जग्गू और गांव रावलधी निवासी सचिन उर्फ रोट के रूप में हुई है। इसी मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए मुख्य साजिशकर्ता रोहित उर्फ कातिया को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
इससे पहले पुलिस ने 7 अगस्त को गांव साहुवास निवासी प्रीत और गांव सांगा निवासी युद्धविंदर, जो वर्तमान में लोहारू चौक चरखी दादरी में रह रहा था, को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे रोहित उर्फ कातिया को बौंदकलां के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी थी। उपचार के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड मंजूर किया गया।
गोलीकांड की जांच में सीआईए की दोनों टीमें, साइबर सेल और जिला पुलिस की अन्य इकाइयां संयुक्त रूप से जुटी हुई हैं। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ में वारदात की साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और फरार आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब गोलीकांड की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।