Summer express, पलवल (सुंदर कुंडू)। हर घर तिरंगा अभियान, वंदे मातरम और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में पलवल जिला सचिवालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रदर्शनी का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल और जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि जिला प्रशासन पलवल और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा की ओर से लगाई गई इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को तिरंगे के इतिहास और उसके महत्व की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभर में लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।
गौरव गौतम ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और अपनों को खोने वाले लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को याद किया जाता है। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई परिस्थितियों और विस्थापन की त्रासदी को भी प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ आपसी सद्भाव, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। प्रदर्शनी आमजन के लिए देश के इतिहास और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है।