सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
बलोंगी के आदर्श नगर और गैस कॉलोनी में पानी की किल्लत लगातार गंभीर होती जा रही है। करीब 37 से 40 हजार की आबादी वाले इन क्षेत्रों में लोगों को पीने के पानी सहित रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की इस समस्या को लेकर वार्ड नंबर 49 की पार्षद विमलेश देवी के पति एवं समाजसेवी जगबीर सिंह ने सोमवार को डीसी मोहाली कोमल मित्तल से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
जगबीर सिंह ने डीसी को बताया कि आदर्श नगर और गैस कॉलोनी में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं, लेकिन इलाके में पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन पानी की उपलब्धता उस अनुपात में नहीं बढ़ी है। ऐसे में आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में जल्द से जल्द नया ट्यूबवेल लगवाया जाए, ताकि लोगों को नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल लगने से आदर्श नगर और गैस कॉलोनी के हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
जगबीर सिंह ने कहा कि पानी हर व्यक्ति की मूलभूत जरूरत है और लोगों को इसके लिए परेशान होना पड़ रहा है। प्रशासन को इस मामले में तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने डीसी से अपील की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर इलाके में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करवाया जाए।
डीसी ने जल समस्या के समाधान का दिया भरोसा
मांगपत्र लेने के बाद डीसी मोहाली कोमल मित्तल ने जगबीर सिंह को
आश्वासन दिया कि आदर्श नगर और गैस कॉलोनी में पानी की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से उचित समाधान निकाला जाएगा और इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डीसी के आश्वासन के बाद जगबीर सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इलाके में ट्यूबवेल लगाने समेत पानी की समस्या के
समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के लोगों
की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे।